हिन्दी की वैज्ञानिक शब्दावली और शब्द चुनाव प्रक्रिया

हिन्दी में एक सीमा तक काफी वैज्ञानिक शब्दावली उपलब्ध है, कक्षा १२ तक के किसी भी विषय के लिए पर्याप्त वैज्ञानिक शब्दावली उपलब्ध है और व्यवहार में भी आती है । उच्च शिक्षा में हिन्दी व्यवहार में ना होने के कारण, प्रतियोगी परीक्षाओं ने अवश्य व्यवहार की अनदेखी की है जिससे हिन्दी माध्यम के छात्रों को हानि हुई है। उच्च शिक्षा की वैज्ञानिक शब्दावली पूरी तरह से तैयार नही है यहाँ पर जितना उपलब्ध है उतना ही है

http://www.csttpublication.mhrd.gov.in/result.php

शाब्दिक अनुवाद से भाषा की आत्मा मर जाती है इसलिए प्रचलन को पर्याप्त महत्व देना आवश्यक है। अनुवाद ही करना पड़े तो भी प्रचलनों को समझना आवश्यक है। अनुवाद भी भाषा की आत्मा जीवित रखते हुए ही होना चाहिए। Submarine भी एक नया अविष्कार है और Mobile भी, और Submarine तो व्यवहार में प्रयोग आने लायक चीज भी नहीं, फिर भी Submarine का जो शब्द स्वतः ही निकलकर आया वो कमाल का शब्द है, पनडुब्बी। खूब प्रचलित है, बनावटी नहीं लगता है, जनमानस ने तुरन्त अपना लिया। वहीँ पर जबरदस्ती वाले अनुवाद नहीं चल पाते हैं। उदाहरण के लिए Pedestrian Subway इसका किसी ने अनुवाद कर डाला भूमिगत पैदल पार पथ। ये पढ़ने वाले सोचेंगे कि कितनी कठिन भाषा है हिन्दी, इससे तो अँग्रेजी भली। भूमिगत मार्ग, काम कर जाता वो शब्दशः अनुवाद नहीं होता पर बेहतर शब्द होता। यहाँ पर देखने वाली बात ये है कि अँग्रेजी में Pedestrian क्यों लगाया गया , क्योंकि बहुत से नगरों में सड़कों के नीचे भूमिगत मार्ग बनने से पहले ही भूमिगत मेट्रो रेल थी जिसको Subway के नाम से जाना जाता है, भ्रम ना हो इसलिए Pedestrian Subway कर दिया। हमारे यहाँ तो ये सन्दर्भ ही नहीं था, कोई मेट्रो Subway या भूमिगत नाम से नहीं चल रही थी जिसके कारण केवल भूमिगत मार्ग कह देने से भ्रम हो जाता है। आशय ये है कि अनुवाद भी उस शब्द का सन्दर्भ अच्छे से समझकर ही होना चाहिए।

विज्ञान के शब्दों में हमे ये देखना चाहिए, - इसका कही पर पहले से तो प्रचलित नहीं है - क्या प्राचीन भारतीय विज्ञान में इस शब्द का प्रयोग हुआ है? - शब्दावली आयोग इस शब्द के कितने और कौन से अनुवाद प्रस्तुत करते हैं - यदि कोई अनुवाद उपलब्ध नहीं है, तो विदेश में किन शब्द मूलों से और किन अर्थों में इन शब्दों का अनुवाद हुआ।


एक उदाहरण से ये प्रकिया समझते हैं ।

Draconic Month की सही हिन्दी क्या होगी ?

Draconic के बहुत से अर्थ होते हैं। कठोर, या ड्रैगन से सम्बन्धित। क्या अर्थ लिया जा सकता है। वस्तुतः यहाँ पर मुख्य बात ये है इस शब्द का प्रयोग किस अर्थ में है। चन्द्रमा के एक lunar node पर फिर से लौट आने में जो समय लगता है वो Draconic Month हैं। अब इसमें Draconic क्यों आ लगा? इसलिए कि प्राचीन काल में यवनो में भी भारत की तरह ही राहू केतु जैसी कहानी प्रचलित थी। जैसे राहू का सिर एक ग्रहण का कारण था तो उसका शेष भाग दूसरे ग्रहण का कारण माना जाता था। इसी प्रकार यूरोप में माना जाता था कि एक विशाल ड्रैगन ग्रहण का कारण है और चन्द्रमा के ड्रैगन के सिर पर फिर से लौट आने का समय Draconic Month है।
image

यहाँ पर स्पष्ट है कि चन्द्र ग्रहण के सन्दर्भ में भारतीय राहु ही यूरोप में ड्रैगन है। यदि प्राचीन भारतीय विज्ञान में इस अवधि के लिए पहले से कोई शब्द नहीं है तो प्रयोग ना मिलने की स्थिति में इसका सही अनुवाद राहु मास होगा ऐसा मेरा विचार है।


राहु मास का उदाहरण शब्द चुनाव की प्रक्रिया को दिखाने के लिए दिया गया है। एक विदेशी शब्द के मूल और उसके विकास की यात्रा पर ध्यान देने से हमें उसके समतुल्य भारतीय शब्द मिल सकता है।

© सन्दीप दीक्षित , सर्वाधिकार सुरक्षित।

इस आलेख को उद्धृत करते हुए इस लेख की कड़ी/लिंक का भी विवरण दें।

2 Likes